विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में आज सुबह 10 बजे समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी, सभी विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ सहित सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी राज्योत्सव, धान खरीदी एवं विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राज्योत्सव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने बताया कि राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ स्थापना के 25 वर्ष की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे।कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन, खाद्य, श्रम, परिवहन, स्वास्थ्य आदि विभागों को शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मंच व्यवस्था और सामग्री वितरण सूची शीघ्र तैयार करने कहा गया ताकि आयोजन उत्कृष्ट और अनुकरणीय हो।
कलेक्टर ने बताया कि 15 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। इसके लिए जिले में 16 चेकपोस्ट बनाए गए हैं ताकि अवैध परिवहन पर नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरे चालू स्थिति में रहें, टीमें नियमित मॉनिटरिंग करें और धान खरीदी नीति के 29 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार तैयारी सुनिश्चित करें। अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट तत्काल प्रारंभ करने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सभी तहसीलदारों को अवैध परिवहन की स्थिति में वाहन सीज कर प्रकरण दर्ज करने के लिए कहा गया।
कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पोर्टल पर शेष किसानों के पंजीयन को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि 31 अक्टूबर अंतिम तिथि है। गिरदावरी सत्यापन के लिए नियुक्त अधिकारियों को दो दिवस के भीतर सभी खसरा नंबरों का सत्यापन पूर्ण करने कहा गया।बैठक में उन्होंने जिले में शेष आवास पूर्ण करने तथा लंबित स्वीकृतियां शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जिले को 5360 नई स्वीकृतियां प्राप्त हुई हैं।
सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों के अनुसार खाद्य विभाग को 15 दिनों में आबंटन प्रक्रिया पूर्ण करने कहा गया। विद्युत विभाग को अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों के आधार आईडी निर्माण हेतु शिविर आयोजित करने निर्देश दिए गए ताकि कोई भी छात्र शैक्षणिक योजनाओं से वंचित न रहे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आज से शिविर प्रारंभ हो गए हैं और सभी बीईओ को विद्यार्थियों से आवश्यक दस्तावेज़ साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के तहत सभी ईआरओ को निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्य करने कहा।
कार्यक्रम के तहत 3 नवम्बर तक प्रशिक्षण कार्यक्रम,4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक घर-घर सत्यापन,9 दिसम्बर को मतदाता सूची का प्रकाशन,8 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति दर्ज,31 जनवरी तक सुनवाई और सत्यापन,तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र मतदाता छूटे नहीं और अपात्र मतदाता शामिल न हों। सभी अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने निर्देशित किया गया।


