विकास नंद/ सर्वव्यापी/
उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि जीवन में ऊँचाइयों को छूने के लिए युवाओं को सीमाओं में नहीं बंधना चाहिए। उड़ने के लिए पूरा आसमान खुला है। बुलंद हौसलों के साथ आगे बढ़ने वालों को ही सफलता मिलती है। वे आज रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय अंतर-महाविद्यालयीन युवा उत्सव का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।
29 से 31 अक्टूबर तक आयोजित इस युवा महोत्सव में विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध महाविद्यालयों के 953 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। प्रतिभागी तीन दिनों तक नृत्य, संगीत, साहित्य, थिएटर और फाइन आर्ट्स की विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश का प्रमुख शिक्षा केंद्र रहा है। यहां से पढ़े अनेक छात्र आज देश-विदेश में प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि परिणाम की चिंता किए बिना अपनी प्रतिभा का शत-प्रतिशत प्रदर्शन करें। यह उत्सव उनके आत्मविश्वास और रचनात्मकता को और निखारेगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला ने बताया कि विश्वविद्यालय को हाल ही में नैक (NAAC) मूल्यांकन में ए-प्लस ग्रेड प्राप्त हुआ है, जो पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों पर भी बल दिया जा रहा है। नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप सभी पाठ्यक्रमों में इंटर्नशिप अनिवार्य की गई है। इसके साथ ही 16 नए रोजगारमूलक पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं और राज्य शासन के सहयोग से नवाचार एवं अनुसंधान को प्रोत्साहन देने ‘इनोवेशन एंड इन्क्युबेशन सेंटर’ की स्थापना की गई है।
प्रो. शुक्ला ने बताया कि इस युवा उत्सव के विजेता प्रतिभागी आगे चलकर एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज द्वारा आयोजित अखिल भारतीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।समारोह में छात्र कल्याण अधिष्ठाता एवं आयोजन समन्वयक प्रो. राजीव चौधरी, कुल सचिव प्रो. अम्बर व्यास सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न कॉलेजों के प्रतिभागी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों की संख्यागीत-संगीत : 177नृत्य : 373साहित्यिक आयोजन : 82फाइन आर्ट्स : 107थिएटर : 204कुल 953 युवा इन विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।


