तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/

छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवनिर्मित भवन से प्रदेश की पहली महिला सांसद मिनीमाता के नाम का उल्लेख गायब होने पर राजनीतिक गलियारों में गरमाहट बढ़ गई है। इस मुद्दे को लेकर राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री दिवंगत अजीत जोगी के पुत्र और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।अमित जोगी ने आज विधानसभा कार्यक्रम स्थल की ओर काले कपड़े और काले झंडे के साथ रैली निकालते हुए मिनीमाता के सम्मान की पुनः स्थापना की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि नवनिर्मित विधानसभा भवन से मिनीमाता का नाम हटाना राज्य की नारी शक्ति और दलित समाज के सम्मान पर सीधा आघात है।हालांकि पुलिस प्रशासन ने उन्हें विधानसभा भवन पहुंचने से पहले ही हाउस पर रोक दिया, जिसके बाद जोगी समर्थकों ने वहीं पर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। अमित जोगी ने कहा कि अगर प्रदेश सरकार ने तत्काल भवन को मिनीमाता के नाम से जोड़ने का सम्मान वापस नहीं किया, तो यह आंदोलन प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का रूप लेगा।उन्होंने कहा कि मिनीमाता छत्तीसगढ़ की अस्मिता हैं, उनका नाम मिटाकर कोई भी सत्ता जनता के दिलों से उनके सम्मान को नहीं मिटा सकती।


