विकास नंद/ सर्वव्यापी/
सरायपाली नगर के गौरव पथ की पहचान अब स्वच्छता या सौंदर्य से नहीं, बल्कि वर्षों से खड़े कबाड़ हो चुके वाहनों से होने लगी है। सागर स्टेट, चेक पोस्ट पेट्रोल पंप के सामने और आसपास सड़क किनारे खड़ी ये जर्जर व जंग खा चुकी भारी वाहन न केवल नगर की सुंदरता को बिगाड़ रहे हैं, बल्कि यातायात में गंभीर अवरोध और दुर्घटनाओं का भी कारण बन रहे हैं।
लोगों का कहना है कि यह स्थिति कई वर्षों से बनी हुई है। इन कबाड़ वाहनों के मालिकों को क्या पता कि कभी नोटिस भी दी गई है या नहीं और न ही प्रशासन ने इन्हें हटाने की पहल की है
गौरव पथ जैसी व्यस्त और प्रमुख सड़क पर इन वाहनों का खड़ा रहना हर दिन खतरे को न्योता देता है। स्कूली वाहन, दोपहिया चालक व आम राहगीरों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शहरवासियों ने प्रश्न उठाया है कि आखिर प्रशासन इन कबाड़ी वाहनों के मालिकों पर इतनी मेहरबानी क्यों दिखा रहा है? क्या किसी हादसे के इंतजार में प्रशासन आंख मूंदे बैठा है? गौरव पथ, जो नगर की पहचान और सौंदर्य का प्रतीक होना चाहिए था, अब अव्यवस्था और लापरवाही की तस्वीर बन चुका है।
जनता की मांग है कि नगर पालिका और यातायात विभाग संयुक्त कार्रवाई कर इन कबाड़ वाहनों को तत्काल हटाए तथा जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि गौरव पथ अपनी गरिमा और सुंदरता प्राप्त कर सके।


