विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह ने आज बागबाहरा एवं पिथौरा विकासखंड का दौरा कर विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत घर-घर सत्यापन कार्य का जायजा लिया और बीएलओ से गणना प्रपत्र व घोषणा प्रपत्र की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित रूप से जोड़ा जाए और प्रपत्रों का संकलन पूरी सावधानी से किया जाए।कलेक्टर लंगेह ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय रूप से सहयोग करें। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की गति तेज हुई है। महासमुंद जिले में कुल 8 लाख 86 हजार 422 मतदाता पंजीकृत हैं। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 1083 बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन एवं दस्तावेज संकलन का कार्य कर रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) मतदान केंद्र स्तर पर सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं।दौरे के दौरान कलेक्टर लंगेह ने बागबाहरा विकासखंड के टेमरी अंतर्राज्यीय नाका एवं पिथौरा क्षेत्र के लारीपुर चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध धान परिवहन एवं विक्रय की रोकथाम के लिए गठित टीमों से जानकारी ली और सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। जिले में कुल 16 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जिनमें राजस्व, मंडी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।कलेक्टर ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 15 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए 182 उपार्जन केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस अवसर पर बागबाहरा एसडीएम नमिता मारकोले, पिथौरा एसडीएम बजरंग वर्मा, तहसीलदार एवं बीएलओ उपस्थित रहे।


