के.एस.ठाकुर /कार्यकारी संपादक/ सर्वव्यापी/
भ्रष्टाचार पर नकेल कसते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसीबी की टीम ने सीपत तहसील के नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। कार्रवाई एनटीपीसी सीपत स्थित कॉफी हाउस में की गई, जहां आरोपी रिश्वत की रकम प्राप्त कर रहा था।जानकारी के मुताबिक, ग्राम बिटकुला निवासी प्रवीण पाटनवार ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसकी मां के नाम दर्ज 21 एकड़ जमीन में फौती दर्ज कराने और नामांतरण के लिए नायब तहसीलदार द्वारा 1.5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत की सत्यता की पुष्टि के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।योजना के अनुसार, शुक्रवार को शिकायतकर्ता द्वारा दी गई 50 हजार रुपए की पहली किश्त लेते ही एसीबी की टीम ने देश कुमार कुर्रे को रंगेहाथ दबोच लिया। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम जब्त कर ली है।एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से सीपत तहसील और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।


