विकास नंद/ सर्वव्यापी/
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने थाना बसना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा की बड़ी खेप जब्त की है। टीम ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे आयशर ट्रक को पकड़ा, जिसमें 60 किलो ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पकड़े गए दो अंतरराज्यीय तस्करों के कब्जे से कुल 22 लाख 10 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है, जिसमें ट्रक, गांजा और मोबाइल फोन शामिल हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से पदमपुर, बसना, महासमुंद मार्ग होते हुए एक बड़ा गांजा का खेप उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर जिले में प्रवेश करने वाले सभी पॉइंट्स पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान पलसापाली बैरियर में ओडिशा की ओर से आ रहे आयशर ट्रक (क्रमांक UP 72 BT 3907) को रोककर तलाशी ली गई।वाहन में बैठे दो व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम सद्दाम हुसैन (34 वर्ष) और कियामुद्दीन (26 वर्ष) निवासी कंधई हनुमानगंज, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान ट्रक की तिरपाल के नीचे छिपाकर रखे तीन बोरों में अवैध गांजा पाया गया, जिसका वजन 60 किलो ग्राम निकला।पुलिस ने मौके पर ही दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद सामग्री में 60 किलो गांजा (कीमत लगभग 12 लाख रुपये), आयशर ट्रक (कीमत लगभग 10 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) शामिल हैं। कुल जप्त सामग्री की कीमत 22 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा से खरीदकर उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। दोनों के खिलाफ थाना बसना में धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और महासमुंद पुलिस टीम की संयुक्त मुहिम में की गई, जिसने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी पर एक और बड़ा प्रहार किया है।


