विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) का कार्य पूरे जोर-शोर से जारी है। 4 नवम्बर से प्रारंभ इस अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र एवं घोषणा पत्र वितरित कर रहे हैं।इसी क्रम में बीएलओ योजना यादव और ग्राम पंचायत मचेवा की सरपंच प्रमिला ध्रुव आज सुबह कलेक्टर विनय लंगेह के निवास पहुंचीं। उन्होंने उन्हें गणना पत्र एवं घोषणा पत्र प्रदान किए तथा आवश्यक जानकारी संकलित की। इस अवसर पर उप सरपंच जीतेंद्र साहू, किशोर ध्रुव और पंच शिव साहू भी उपस्थित थे।ज्ञातव्य है कि महासमुंद जिले में कुल 8 लाख 86 हजार 422 पंजीकृत मतदाता हैं। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन, गणना प्रपत्र वितरण और दस्तावेज संकलन का कार्य किया जा रहा है।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) मतदान केंद्र स्तर पर सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बीएलओ सक्रियता से कार्य कर रहे हैं।कलेक्टर विनय लंगेह ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय रूप से भाग लेकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें।


