विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिला पंचायत महासमुंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमन्त नंदनवार ने गुरुवार को विकासखंड महासमुंद के ग्राम पंचायत मचेवा, बरोंडा बाज़ार एवं नवागांव में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राहियों से सीधा संवाद कर आवास निर्माण की वर्तमान स्थिति, निर्माण सामग्री की उपलब्धता तथा निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधूरे तथा धीमी गति से चल रहे आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।जन चौपाल में ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता, किस्त भुगतान प्रक्रिया, पूर्णता शर्तें एवं अन्य आवश्यक दिशानिर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। सीईओ ने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों का चयन सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक स्कूल और सामुदायिक शौचालय का भी अवलोकन किया। आंगनबाड़ी में बच्चों के पोषण, गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। प्राथमिक स्कूल में उन्होंने छात्र उपस्थिति, शिक्षण गुणवत्ता तथा मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।जन चौपाल एवं निरीक्षण कार्यक्रम में सरपंच, सचिव, आवास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


