तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं डीकेएस अस्पताल की स्वशासी समिति की सामान्य सभा की बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत, सुलभ एवं संवेदनशील बनाने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की।बैठक में विशेष रूप से मरीजों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आवश्यक चिकित्सा उपकरण, रिएजेंट, कंज्यूमेबल सामग्री और मानव संसाधन की त्वरित पूर्ति के लिए स्वशासी मद से क्रय की अनुमति दी जाएगी, ताकि उपचार सेवाओं में कोई बाधा न आए।जनहित में एक बड़ा कदम उठाते हुए बीपीएल तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों के लिए एमआरआई और सीटी स्कैन निशुल्क करने का निर्णय लिया गया। वहीं एपीएल श्रेणी के मरीजों के लिए एमआरआई शुल्क 2000 रुपये और सीटी स्कैन शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किए गए, जिससे जांच प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित होगी।समिति ने मेडिकल कॉलेज के 200 छात्रों के लिए नए छात्रावास भवन को मंजूरी दी है। साथ ही डीकेएस छात्रावास शुल्क को 5000 रुपये से घटाकर 2500 रुपये कर दिया गया, जिससे छात्रों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। विभागीय कार्यों को गति देने के उद्देश्य से इंप्रेशन मनी को 10,000 रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया, जिसे जनहित में प्रभावी निर्णय माना जा रहा है।बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा शिखा राजपूत तिवारी सहित अनेक अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


