तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
बिलासपुर प्रेस क्लब के चुनाव में विकास पैनल ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सभी पदों पर कब्जा जमाया है। अध्यक्ष पद पर अजीत मिश्रा की शानदार जीत के साथ ही विकास पैनल के समस्त प्रत्याशी निर्वाचित होकर सामने आए हैं। इस जीत को प्रेस क्लब के इतिहास में एकजुटता और बदलाव की उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है।चुनाव परिणाम घोषित होते ही प्रेस क्लब परिसर में उत्साह का माहौल रहा। पत्रकारों ने एक-दूसरे को बधाई दी और नई कार्यकारिणी से पत्रकार हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई। वरिष्ठ पत्रकारों का मानना है कि यह जनादेश केवल जीत का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का भी है।नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजीत मिश्रा सहित सभी पदाधिकारियों के सामने अब पत्रकारों की समस्याओं, सुरक्षा, सम्मान, सुविधाओं और पेशेगत अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर ठोस और प्रभावी कार्य करने की बड़ी चुनौती है। विशेषकर युवा पत्रकारों के प्रशिक्षण, वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान, प्रेस क्लब की बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और प्रशासन से बेहतर समन्वय की दिशा में ठोस पहल की अपेक्षा जताई जा रही है।पत्रकारों ने उम्मीद व्यक्त की है कि विकास पैनल अपनी घोषणा के अनुरूप पारदर्शी, सक्रिय और सर्वसमावेशी कार्यशैली अपनाते हुए प्रेस क्लब को वास्तव में पत्रकारों के हितों का सशक्त मंच बनाएगा। चुनावी जीत के बाद अब सभी की नजरें नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पहले कदम और फैसलों पर टिकी हुई हैं।