तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/

नगर पालिक निगम बिलासपुर में बैंक हो लोडर पर खरीदे गए हाइड्रोलिक बूम एवं टैंकर को नियमों के विपरीत बेचे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में प्राप्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर एल. पद्मजा पूजा विधानी ने जांच के निर्देश दिए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभारी सदस्य महापौर इन काउंसिल सीमा संजय सिंह द्वारा विकास विभाग नगर पालिक निगम बिलासपुर में पूर्व में दर्ज कराई गई शिकायत (पत्र क्रमांक 49, दिनांक 15/09/2025) में उल्लेख किया गया है कि बैंक हो लोडर लेकर खरीदे गए हाइड्रोलिक बूम एवं टैंकर को नियमानुसार प्रक्रिया का पालन किए बिना बेच दिया गया। शिकायत के बावजूद अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जबकि यह प्रकरण सोशल मीडिया में भी व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है, जिससे नगर निगम की छवि धूमिल हो रही है।महापौर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त नगर पालिक निगम बिलासपुर को निर्देशित किया है कि उनकी अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाए, जिसमें शिकायतकर्ता प्रभारी सदस्य महापौर को भी सम्मिलित किया जाए। समिति द्वारा समग्र जांच कर एक सप्ताह के भीतर अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता के समक्ष जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।नगर निगम से जुड़े इस पूरे प्रकरण पर अब सभी की निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि सार्वजनिक संपत्ति के कथित दुरुपयोग में कौन जिम्मेदार है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होगी।