सरायपाली में राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ का भव्य आगाज़, 1008 कलशों की शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में तथा गायत्री परिवार सरायपाली द्वारा आयोजित विराट 51 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ एवं 700 गर्भवती बहनों के विशाल गर्भोत्सव कार्यक्रम के निमित्त आज नगर में भव्य जल कलश शोभायात्रा निकाली गई।

इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रांत प्रमुख सरला कोसरिया विशेष रूप से सम्मिलित हुईं।शोभायात्रा में सरायपाली क्षेत्र की बहनों द्वारा 1008 कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ नगर भ्रमण किया गया।

कलश यात्रा कार्यक्रम स्थल नई मंडी से प्रारंभ होकर पुरानी बस्ती सरायपाली, बस स्टैंड, जय स्तंभ चौक होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुई। पूरे नगर में “जय माँ गायत्री” के जयघोष से आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हो गया।इस अवसर पर “आओ गढ़े संस्कारवान पीढ़ी” अभियान की प्रदेश संयोजक सरला कोसरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि कल प्रातः देव स्थापना के पश्चात सुबह 11 बजे सरायपाली क्षेत्र की 700 गर्भवती बहनों का गर्भोत्सव संस्कार, शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे ऋषि पुत्रों द्वारा पूर्ण विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि अभिमन्यु की तरह गर्भ से ही संस्कार देने की प्रेरणा माताओं को दी जाएगी, ताकि वे संस्कारवान, श्रेष्ठ और राष्ट्रनिर्माता संतान को जन्म दें।

ऐसे संस्कारों से युक्त पीढ़ी ही देश को आगे ले जाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसी उद्देश्य के साथ अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा यह राष्ट्रव्यापी आव्हान किया गया है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति एवं गायत्री परिवार के कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिससे आयोजन को अभूतपूर्व सफलता मिली।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!