विकास नंद /सर्वव्यापी/

सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भंवरपुर में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया के मुख्य आतिथ्य में महिला स्व सहायता समूह की बहनों को चार दुकानों का आबंटन एवं लोकार्पण किया गया।इस अवसर पर सरला कोसरिया ने कहा कि बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और जीवन स्तर में सुधार की मजबूत आधारशिला है। स्व सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, जिससे महिलाएं अपने परिवार के साथ-साथ समाज के विकास में भी भागीदार बन रही हैं।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं एवं युवाओं को सशक्त बनाने, स्वरोजगार, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन तथा वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इससे गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्व सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया।