विकास नंद/ सर्वव्यापी/
किसानों की मांग एवं कृषि आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जिले के कोडार जलाशय से रबी फसलों की सिंचाई के लिए पानी छोड़ा गया है। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की पहल पर 5 जनवरी से ही खेतों में पानी दिए जाने का निर्णय लिया गया था, जिस पर आज अमल किया गया।
कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला जल उपयोगिता समिति विनय कुमार लंगेह द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार जल संसाधन विभाग के मुख्य कार्यपालन अभियंता अजय कुमार खरे को जल विमोचन के निर्देश दिए गए। इसके तहत जिले की कोडार वृहद जलाशय परियोजना की बायीं तट नहर प्रणाली से पानी छोड़ा गया।
रबी सिंचाई हेतु कोडार वृहद परियोजना के अंतर्गत 13 गांवों के लगभग 1600 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा प्रस्तावित की गई है। इनमें बंजारी, घोंघीबाहरा, बनसिवनी, कौंदकेरा, सोरिद, चोरभट्ठी, नयापारा, परसदा, बेमचा, मुस्की, कांपा, खरोरा एवं बरोंडाबाजार गांव शामिल हैं।