विकास नंद/ सर्वव्यापी/
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा जिले में लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार की शाम कलेक्टर ने सरायपाली क्षेत्र अंतर्गत ओडिशा राज्य की सीमा से लगे सिरपुर, रेहटीखोल एवं छिबरा स्थित अंतर्राज्यीय जांच चौकियों का आकस्मिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान परिवहन से जुड़े अभिलेखों, ऑनलाइन एंट्री, वाहन जांच रजिस्टर, ई-पास, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में किसी भी हाल में अवैध धान परिवहन अथवा अवैध भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।कलेक्टर ने जांच चौकियों पर तैनात अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आने-जाने वाले धान लदे वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित की जाए, ई-पास एवं वैध दस्तावेजों का मिलान अनिवार्य रूप से किया जाए तथा संदेहास्पद वाहनों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने जांच चौकियों पर सतत निगरानी व्यवस्था बनाए रखने और शिकायत मिलने पर त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए।कलेक्टर ने कहा कि अंतर्राज्यीय जांच चौकियों पर पारदर्शिता और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप निरंतर निगरानी, समयबद्ध कार्रवाई, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ड्यूटी रोस्टर का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर एसडीएम अनुपमा आनंद, तहसीलदार श्रीधर पंडा सहित राजस्व एवं मंडी विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।