विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जन चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।कलेक्टर ने कहा कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित आवेदन सौंपते हुए समय-सीमा में निराकरण करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए।जन चौपाल में तुमगांव महासमुंद निवासी श्यामलाल साहू ने वृद्धावस्था पेंशन, बागबाहरा विकासखंड के ग्राम केरामुड़ाखुर्द की सिया बाई ठाकुर ने नामांतरण, ग्राम आमाकोनी के गोविंद मोंगरे ने कर्ण यंत्र उपलब्ध कराने, पिथौरा विकासखंड के ग्राम धरमपुर की सुजबाई मेहर ने बी-1 खसरा नक्शा रिकॉर्ड में नाम सुधार तथा ग्राम पाटनदादर की बसंती साहू ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।इसके अतिरिक्त जन चौपाल में भौतिक सत्यापन, एग्रीस्टैक पंजीयन, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित राशि भुगतान सहित अन्य विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।