विकास नंद/सर्वव्यापी/
जिले के सरायपाली विकासखंड के ग्राम मनकी में जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर जल’ योजना ने ग्रामीणों की जिंदगी में बड़ा बदलाव ला दिया है। अब गांव के प्रत्येक घर में नल के माध्यम से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों का जीवन आसान और सुविधाजनक बन गया है।पहले गांव के लोग पेयजल के लिए हैंडपंप और पारंपरिक स्रोतों पर निर्भर थे। कई बार पानी की कमी या हैंडपंप खराब होने से परेशानी बढ़ जाती थी। खासकर महिलाओं को दूर-दूर तक पानी लाने में काफी समय और मेहनत करनी पड़ती थी।स्थिति को सुधारने के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग 63.33 लाख रुपए की लागत से पानी टंकी का निर्माण किया गया और करीब 2468 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। इसके जरिए अब गांव के 131 घरों में नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। गांव में पहले से मौजूद 8 हैंडपंप अब सहायक स्रोत के रूप में हैं, जबकि नियमित जल आपूर्ति नल के माध्यम से हो रही है।ग्राम पंचायत के सरपंच मोहित रौतिया के नेतृत्व में इस योजना का सफल क्रियान्वयन हुआ। प्रशासन और ग्रामीणों के सहयोग से गांव ने ‘हर घर जल’ की उपलब्धि हासिल कर ली है।गांव की निवासी सूतरा बाई बताती हैं कि पहले पानी लाने में काफी समय और श्रम लगता था, लेकिन अब घर में ही नल कनेक्शन होने से आसानी से स्वच्छ पानी मिल जाता है। इससे उनका समय बच रहा है और दैनिक जीवन पहले से कहीं अधिक सरल हो गया है।इस पहल से न केवल पेयजल की समस्या का समाधान हुआ है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।