विकास नंद/ सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अंतर्गत आने वाले पिथौरा विकासखंड में राशन व्यवस्था चरमराती नजर आ रही है। मार्च माह का खाद्यान्न अधिकांश उचित मूल्य दुकानों तक अब तक नहीं पहुंच पाया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार, मार्च 2026 के आवंटन के बावजूद कई राशन दुकानों में अब तक सामग्री का भंडारण नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि सीमित वाहनों की उपलब्धता के कारण वितरण में देरी हो रही है। परिणामस्वरूप ग्रामीणों को राशन के लिए बार-बार दुकानों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर राशन नहीं मिलने से गरीब परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। कई गांवों में अब भी राशन का इंतजार किया जा रहा है।वहीं, विभागीय पत्र के अनुसार कुछ दुकानों में ही आंशिक भंडारण हुआ है, जबकि बड़ी संख्या में दुकानें अभी भी खाली हैं। अधिकारियों द्वारा जल्द आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अब भी संतोषजनक नहीं है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सभी दुकानों में खाद्यान्न पहुंचाकर वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।