बेटियों की उड़ान से रोशन हुआ महासमुंद”: मेरिट में चमकीं 12 छात्राएं, कलेक्टर लंगेह ने किया सम्मान।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के वर्ष 2026 के परीक्षा परिणाम में महासमुंद जिले की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कक्षा 10वीं की 8 और कक्षा 12वीं की 4 छात्राओं ने प्रदेश की टॉप-टेन सूची में स्थान बनाकर जिले का नाम रोशन किया।इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने छात्राओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया। उन्होंने पुष्प, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया और अभिभावकों की भूमिका की सराहना की।

कलेक्टर ने कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। शिक्षा को जीवन का सबसे मजबूत आधार बताते हुए उन्होंने आगे भी इसी लगन से बढ़ते रहने का संदेश दिया।सम्मान समारोह के दौरान छात्राओं ने अपने भविष्य के सपनों को साझा किया।

कई छात्राओं ने सिविल सेवा, मेडिकल और अन्य क्षेत्रों में करियर बनाने की इच्छा जताई। कलेक्टर ने उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी दिया।कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण और छात्राओं के अभिभावक मौजूद रहे।

जिले का परीक्षा परिणाम:कक्षा 10वीं में 79.35% और कक्षा 12वीं में 80.89% परिणाम दर्ज किया गया, जो जिले की शैक्षणिक प्रगति को दर्शाता है।महासमुंद की बेटियों की यह सफलता न सिर्फ जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन गई है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!