विकास नंद/ सर्वव्यापी
प्रदेशभर में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चल रहे सुशासन तिहार अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अचानक कवर्धा जिले के पंडरिया तहसील अंतर्गत कुई-कुकदूर पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर गांव में उतरते ही क्षेत्र में हलचल तेज हो गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण उन्हें देखने और अपनी समस्याएं बताने के लिए जुट गए।
मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय विधायक भावना बोहरा सहित भाजपा नेताओं ने पारंपरिक गमछा भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और कलेक्टर, एसपी, डीएफओ समेत जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने सबसे पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के एक हितग्राही के घर पहुंचकर उनसे सीधे संवाद किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लाभार्थी से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया कि योजनाओं का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं।इसके बाद मुख्यमंत्री कमराखोल गांव पहुंचे, जहां आम के पेड़ की छांव में चौपाल लगाई गई।
इस चौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक हर हाल में पहुंचे और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुशासन तिहार के इस अनोखे अंदाज में मुख्यमंत्री का सीधे गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करना प्रशासनिक संवेदनशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण बनता जा रहा है।