तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

प्रदेश के वरिष्ठ एवं लोकप्रिय कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में पिछले 48 घंटों से बाधित विद्युत आपूर्ति को लेकर भाजपा सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मात्र 15 मिनट की आंधी-तूफान के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधियों को जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं रह गया है।त्रिलोक श्रीवास ने जारी बयान में कहा कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की स्थिति अत्यंत भयावह हो चुकी है। गांवों में लगातार बिजली गुल रहने से पानी की भारी समस्या उत्पन्न हो गई है, वहीं शहर के कई वार्डों में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। भीषण गर्मी के बीच लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन सत्ता पक्ष के नेता जनता की समस्याओं को छोड़ रील बनाने और दिखावटी कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।उन्होंने कहा कि पहले भी प्रदेश में आंधी-तूफान और प्राकृतिक आपदाएं आती थीं, लेकिन प्रशासन और विद्युत विभाग की तत्परता के कारण 12 से 15 घंटे के भीतर हालात सामान्य हो जाते थे। आज दो दिन बीत जाने के बाद भी व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट पाई है, जो सरकार की विफलता और अव्यवस्था को दर्शाता है।कांग्रेस नेता ने सवाल उठाते हुए कहा कि विगत दो महीनों से मेंटेनेंस के नाम पर लगातार बिजली कटौती की जा रही थी, लेकिन आखिर वह मेंटेनेंस किस काम का रहा, जब मामूली तूफान के बाद पूरा सिस्टम ठप हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संकट की घड़ी में विद्युत विभाग के अधिकारी आम लोगों के फोन तक उठाने से बच रहे हैं, जिससे जनता का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। श्रीवास ने कहा कि जहां जल आपूर्ति बाधित है, वहां नगर निगम और जिला प्रशासन को तत्काल टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने की व्यवस्था करनी चाहिए थी, लेकिन वह व्यवस्था भी पूरी तरह फेल साबित हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ शासन-प्रशासन “सुशासन तिहार” का ढोल पीट रहा है, वहीं दूसरी तरफ आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाता है, उसी प्रकार संकट की इस घड़ी में हर वार्ड, हर गांव और हर बूथ में पेयजल एवं राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को देने चाहिए थे।अंत में त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था शीघ्र बहाल नहीं की गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता आम जनता के साथ मिलकर विद्युत विभाग का घेराव करेंगे और व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।