विकास नंद/सर्वव्यापी

एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 226.600 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा, पिकअप वाहन और मोबाइल सहित कुल 1 करोड़ 22 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक पिकअप वाहन में गांजा लेकर तस्कर छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र जा रहे हैं। सूचना पर एनएच-53 स्थित सिल्की ढाबा के सामने ग्राम गनियारीपाली में नाकेबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक MH16 CD 8741 को रोककर तलाशी ली गई।जांच के दौरान वाहन के डाला में खाली कैरेट के पीछे प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया 226.600 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गांजा उड़ीसा के बालीगुडा क्षेत्र से लाकर महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में खपाने की योजना थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजिनाथ आश्रु जाधव (28 वर्ष) निवासी खेडेगांव बाकी, थाना खरडा जिला अहमदनगर महाराष्ट्र तथा अक्षय बारूक मोरे (32 वर्ष) निवासी पाटेगांव, थाना मेरचगांव जिला अहमदनगर महाराष्ट्र के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार जिले में पिछले चार महीनों के दौरान 83 मामलों में 6016.121 किलोग्राम गांजा जब्त कर 216 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।