विकास नंद/ सर्वव्यापी

जिले में सुशासन तिहार के तहत आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह स्वयं मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर सुशासन तिहार की जमीनी हकीकत परख रहे हैं। वे विभिन्न ग्राम पंचायतों, समाधान शिविरों एवं विभागीय गतिविधियों का निरीक्षण कर अधिकारियों की कार्यप्रणाली, योजनाओं की प्रगति और आम लोगों को मिल रहे लाभ की वास्तविक स्थिति का जायजा ले रहे हैं।कलेक्टर लंगेह ने शिविरों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने ग्रामीणों से पूछा कि शासन की योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर मिल रहा है या नहीं तथा आवेदन और शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही। कई स्थानों पर उन्होंने हितग्राहियों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, किसान पुस्तिका, राजस्व प्रकरण, पेयजल, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुशासन तिहार केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि आम जनता की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी नागरिक को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने शिविर स्थलों पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, राजस्व, पंचायत, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और खाद्य विभाग की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता और सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचना चाहिए।ग्रामीणों ने भी शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जिससे लोगों में संतोष और उत्साह दिखाई दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार अधिकारी गांव तक पहुंचकर समस्याओं को सुन रहे हैं और तत्काल कार्रवाई कर रहे हैं।कलेक्टर लंगेह ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जिले में यह अभियान पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ संचालित किया जा रहा है तथा लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।