विकास नंद/सर्वव्यापी
जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए महासमुंद पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर 32 लाख 38 हजार 900 रुपए की चोरी की संपत्ति बरामद की है। आरोपी घर निर्माण कार्य चल रहे मकानों को निशाना बनाकर कम कीमत में छड़-सीमेंट दिलाने का झांसा देता था और मौका पाकर घरों से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो जाता था।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी केवल उन घरों को निशाना बनाता था जहां छोटे बच्चे या बुजुर्ग मौजूद रहते थे। सूने मकानों में वह चोरी नहीं करता था। जिले में एक जैसी चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।मामले की शुरुआत तब हुई जब बगारपाली निवासी ओमप्रकाश ठाकुर ने थाना तेंदूकोना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अप्रैल 2026 की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति छड़ का पैसा मांगने के बहाने घर पहुंचा और आलमारी से करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गया।वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी पंचराम उर्फ पंचु निषाद निवासी चंदली थाना चंद्रपुर जिला सक्ती को पकड़ा। पूछताछ में उसने महासमुंद जिले के कोमाखान, सांकरा, तेंदूकोना, सरायपाली, पिथौरा और बुंदेली सहित कई क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।आरोपी ने चोरी के जेवर विभिन्न ज्वेलरी दुकानों में बेचने की बात भी कबूल की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पिथौरा और भंवरपुर स्थित ज्वेलरी दुकानों से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। अन्य दुकानों से भी जब्ती की कार्रवाई जारी है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 163.310 ग्राम सोने के आभूषण कीमत 25 लाख 52 हजार 200 रुपए, 2 किलो 585.94 ग्राम चांदी के आभूषण कीमत 6 लाख 41 हजार 700 रुपए, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत 32 लाख 38 हजार 900 रुपए आंकी गई है।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में दुर्ग, धमतरी और जांजगीर-चांपा जिले के विभिन्न थानों में चोरी के 13 मामले दर्ज हैं। वह न्यायिक रिमांड के दौरान अस्पताल से फरार होकर पंजाब भाग गया था और वापस लौटने के बाद महासमुंद जिले में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।