नूर मोहम्मद/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)
जिले के नवपदस्थ कलेक्टर संतोष देवांगन से आज जिले के सामाजिक एवं पत्रकारिता संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। मुलाकात के दौरान जिले के विकास, जनहित, पत्रकार हित एवं प्रशासनिक समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक और सकारात्मक चर्चा हुई। इस अवसर पर सर्वव्यापी समाचार पत्र के संपादक एवं ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ के प्रदेश महासचिव तरुण कौशिक उपस्थित रहे। साथ हीछत्तीसगढ़िया एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने अपनी सहभागिता निभाई। वहीं ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही इकाई के सचिव नूर मोहम्मद भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर संतोष देवांगन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए जिले के समग्र विकास, प्रशासनिक पारदर्शिता तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर अपनी अपेक्षाएं व्यक्त कीं। प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। कलेक्टर संतोष देवांगन ने सभी प्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के निराकरण एवं जिले के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने समाज, मीडिया और प्रशासन के बीच सकारात्मक संवाद को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताते हुए सहयोगात्मक कार्यशैली पर जोर दिया।मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें जिले के भविष्य को लेकर सकारात्मक सोच और विकासात्मक दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।