तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
कोरबा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आज कटघोरा-चोटिया एनएच-130 के संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान ग्राम बंजारी, मड़ई मोड़, लमना से लेकर चोटिया तक सड़क मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने विशेष रूप से घाट एवं अंधे मोड़ों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर-एसपी ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मोड़ों से 25 से 50 मीटर पहले रंबल स्ट्रिप लगाने, अंधेरे क्षेत्रों में सोलर स्टड, कैट आई, रिफ्लेक्टर, रेडियम एवं संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए।उन्होंने एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा को पुलिस, नेशनल हाईवे, परिवहन विभाग और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम बनाकर रात्रिकालीन निरीक्षण करने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित करने के निर्देश भी दिए। वहीं ग्रामीण सड़कों के मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले स्थानों पर उचित स्पीड ब्रेकर लगाने पर भी जोर दिया गया।कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहनों की गति नियंत्रण बेहद आवश्यक है, इसलिए मोड़ों पर रंबल स्ट्रिप अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।