तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर संभाग अंर्तगत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वनमंडल की डीएफओ ग्रीष्मी चाँद के नेतृत्व में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए ग्राम पिपरखुटी में भारी मात्रा में प्रतिबंधित साल लकड़ी जब्त की है। देर रात तक चली इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने गुरुवार को ग्राम पिपरखुटी स्थित कक्ष क्रमांक 2324 एवं 2325 में छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी लाल सिंह राठौर के घर से 136 नग साल चीरान एवं 11 नग साल के लठ्ठे बरामद किए गए। इसके अलावा अन्य स्थानों से भी बड़ी मात्रा में साल लकड़ी जब्त कर डिपो भेजी गई।डीएफओ ग्रीष्मी चाँद स्वयं पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग करती रहीं। बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम रात लगभग 11 बजे तक कार्रवाई में जुटी रही। विभाग की इस सख्ती से अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में भय का माहौल है।डीएफओ ग्रीष्मी चाँद ने स्पष्ट कहा कि साल की लकड़ी प्रतिबंधित श्रेणी में आती है और इसकी अवैध कटाई एवं तस्करी गंभीर वन अपराध है। उन्होंने कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है तथा जब्त लकड़ी की कीमत का आकलन किया जा रहा है। विभाग ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे जंगलों की सुरक्षा में सहयोग करें और अवैध कटाई अथवा तस्करी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।इस पूरी कार्रवाई में एसडीओ गौतम, उड़नदस्ता टीम, रेंजर प्रबल प्रताप दुबे, डिप्टी रेंजर तिवारी, बीट गार्ड पंकज सहित वन विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।