विकास नंद/ सर्वव्यापी

जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) एवं थाना बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पलसापाली बैरियर पर सघन वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक अशोक लीलैंड वाहन से 08 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। मामले में एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के अनुसार, ओड़िशा की ओर से आ रहे सफेद रंग के अशोक लीलैंड वाहन क्रमांक MH 45 AF 4521 को रोककर जांच की गई। चालक के संदिग्ध व्यवहार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने वाहन के डाला के नीचे बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में गांजा छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान खाकी और पीले रंग के टेप से लिपटे कुल 08 पैकेट गांजा बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 08 किलो 100 ग्राम पाया गया।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजे की खेप ओड़िशा के बरपाली से नागपुर ले जाई जा रही थी। पुलिस अब तस्करी से जुड़े सप्लायर और खरीदार नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान शफीक खान (40 वर्ष) निवासी अशोक नगर, पारडी, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना बसना में धारा 20(ख)(ii)(ख) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 लाख रुपये कीमत का गांजा, 5 लाख रुपये कीमत का अशोक लीलैंड वाहन तथा 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 9 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस विभाग के अनुसार, पिछले चार महीनों में जिले में 89 प्रकरण दर्ज कर कुल 6348.881 किलो गांजा जब्त किया गया है। इन मामलों में अब तक 233 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है, जिनमें 55 आरोपी छत्तीसगढ़ तथा 178 अन्य राज्यों के निवासी हैं।