
किरंदुल,दंतेवाड़ा — लंबे समय से उठ रही शिकायतों के बाद नगर की मुख्य जल टंकी और नजदीकी फिल्टर हाउस के संबंध में नगर पालिका और संबंधित विभागों ने विस्तृत निरीक्षण, सफाई और परीक्षण कराकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। शिकायत पीएमओ पोर्टल (क्रमांक PMOPG/E/2025/0182746, दिनांक 29/11/2025) पर प्रवेश कुमार जोशी द्वारा दर्ज की गई थी और उसके आधार पर निकाय ने आवश्यक कार्रवाई व परीक्षण कराए। शिकायत में मुख्य बिंदु यह थे कि रामाबुटी के समीप स्थित मुख्य पानी टंकी जर्जर, गंदी और काई से ढकी हुई है; पाइपलाइन जंग लगी व टूटी हुई है; फिल्टर हाउस वर्षों से बंद है; और कई बार दूषित पानी मिलने की घटनाएँ हुई हैं। शिकायतकर्ता ने तत्काल निरीक्षण, फोटो/वीडियो प्रमाण सहित मरम्मत और फिल्टर प्लांट के पुनः संचालन की मांग की थी। नगर पालिका ने बताया है कि रामाबुटी जल स्त्रोत के समीप मुख्य पानी टंकी की प्रत्येक छह माह पर सफाई की जाती है और जियोटैग फोटोग्राफ संलग्न किए गए हैं।शासन के निर्देशानुसार निकाय द्वारा प्रत्येक 15 दिवस में विभिन्न स्थानों से जल के नमूने एकत्र कर परीक्षण कराया जा रहा है।पुराने, जंग लगे तथा टूटे-फूटे पाइपलाइन का मरम्मत कार्य निकाय द्वारा विभिन्न मदों से चल रहा है; मरम्मत के जियोटैग फोटो रिपोर्ट में संलग्न हैं।वार्ड क्र. 02 में स्थित फिल्टर प्लांट लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा निर्मित है; फिल्टर प्लांट नगर पालिका को हस्तांतरित होते ही उसका संचालन शुरू किया जाएगा।उपरोक्त जानकारी संबंधित अपर कलेक्टर व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सूचनार्थ प्रेषित की गई है।जनवरी 2026 में जिला पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग लैब द्वारा किए गए परीक्षण में निम्न प्रमुख बिंदु सामने आए है, – टर्बिडिटी (NTU): नमूनों में 2.1–3.4 NTU पाए गए; BIS स्वीकार्य सीमा के भीतर या अनुमेय सीमा के दायरे में दर्ज। – pH: सभी नमूनों का pH लगभग 6.7–7.6 के बीच रहा, जो पीने के पानी के मानक (6.5–8.5) के अनुरूप है। – कुल कठोरता, कैल्शियम, मैग्नीशियम: मानक सीमाओं के भीतर; कुछ स्थानों पर कठोरता मध्यम स्तर पर पाई गई। – क्लोराइड और TDS: क्लोराइड व TDS के मान भी मानक सीमा के भीतर रहे; स्वाद, गंध और रंग सभी “Agreeable” दर्ज हुए।प्रयोगशाला के परिणाम बताते हैं कि वर्तमान में आपूर्ति किए जा रहे पानी के नमूनों में तत्काल स्वास्थ्य-खतरे के संकेत नहीं मिले, परन्तु पाइपलाइन व टंकी की संरचनात्मक मरम्मत व फिल्टर प्लांट के संचालन से दीर्घकालिक सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।शिकायतकर्ता प्रवेश कुमार जोशी ने पीएमओ, किरंदुल नगर पालिका परिषद तथा संबंधित अधिकारियों और विभागों को इस सकारात्मक कार्रवाई के लिए हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किरंदुल नगरवासी आगे भी ऐसी ही जनहितकारी शैली और स्वच्छ पेयजल/पानी टंकी की हाईजीन की अपेक्षा करते रहेंगे।