समय-सीमा बैठक में कलेक्टर लंगेह के सख्त निर्देश…रजत जयंती समारोह की तैयारियों की समीक्षा, आवारा पशुओं पर जुर्माना जारी रखने के निर्देश।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज प्रातः 10 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों एवं मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा एवं श्री रवि कुमार साहू सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी जुड़े।

कलेक्टर लंगेह ने आदिवासी विकास विभाग की योजनाओं पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि जिले के 308 आदिवासी बाहुल्य गांवों में आदि सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि जनजातीय समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच सके। उन्होंने रजत जयंती समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग अपनी विशेष उपलब्धियों के साथ कार्यक्रम आयोजित करें।उन्होंने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में समय-सीमा में डेटा अपलोड करने और ई-ऑफिस के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया।

15 वर्ष से अधिक पुराने शासकीय वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया तेज करने और गढ़फुलझर व दुर्गापाली में विकास कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

कृषि और खाद वितरण पर निर्देश

बैठक में सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता और वितरण की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि सहकारी समितियों तक खाद पहुंचने पर तत्काल किसानों को वितरित किया जाए। निजी दुकानों में अवैध भंडारण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई हो। रविवार को 800 टन डीएपी और आज 650 टन यूरिया का रेक पहुंचने की जानकारी दी गई।एक पेड़ मां के नाम अभियान में अब तक 1 लाख 20 हजार पौधे लगाए गए हैं, जबकि लक्ष्य 1 लाख 90 हजार का है। उन्होंने शेष लक्ष्य शीघ्र पूरा कर जानकारी एवं फोटो पोर्टल पर अपलोड करने को कहा।

आवारा पशुओं पर सख्ती

कलेक्टर लंगेह ने आवारा पशुओं की समस्या को गंभीर मानते हुए निर्देश दिया कि सड़कों पर पशु छोड़ने वाले मालिकों पर जुर्माना जारी रखें। अब तक 80 हजार 800 रुपये की पेनाल्टी वसूली जा चुकी है। पंचायत स्तर पर पशुओं को रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।शिक्षा, स्वास्थ्य और निरीक्षण पर जोरसभी अनुविभागीय अधिकारियों को स्कूल, छात्रावास, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्रों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक समय पर उपस्थित हों और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

अन्य बिंदु उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों को 31 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही संग्रहण केंद्रों में भंडारित धान का शत-प्रतिशत उठाव करने को कहा। अवैध शराब बिक्री पर पुलिस व आबकारी विभाग को ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बैठक में जनशिकायत निवारण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और समय-सीमा पत्रों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!