विकास नंद /सर्वव्यापी/
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान और राष्ट्रध्वज के गौरव को यादगार बनाने के उद्देश्य से शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी, संकुल–सिंघोड़ा, विकासखंड–सरायपाली, जिला महासमुंद के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत एक विशेष लघु फिल्म का निर्माण किया।
इस फिल्म के निर्माता प्रधान पाठक ओम प्रकाश साव रहे, जबकि निर्देशन का कार्य शिक्षक कमल नारायण भोई ने किया। फिल्म में शिक्षकों की प्रेरक भूमिकाओं के साथ-साथ बाल कलाकार शिवा सोनवानी और रोहन चौहान सहित कई विद्यार्थियों ने शानदार अभिनय प्रस्तुत किया।
लघु फिल्म पूरी तरह हर घर तिरंगा अभियान की मूल भावना पर आधारित है, जिसका उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गहरा व्यक्तिगत जुड़ाव स्थापित करना है। फिल्म में विद्यार्थियों के भाषाई ज्ञान, नए विचारों, गणितीय कौशल और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को राष्ट्र-निर्माण से जोड़कर प्रस्तुत किया गया है। साथ ही राष्ट्रगान और राष्ट्रप्रेम को भावपूर्ण ढंग से दर्शाया गया है।
शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़, समग्र शिक्षा के को-डायरेक्टर एम. सुधीश कुमार ने इस फिल्म की स्क्रिप्ट और फिल्मांकन की सराहना करते हुए कहा –“ऐसी रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को प्रगाढ़ बनाती हैं और हर घर तिरंगा अभियान को सार्थकता प्रदान करती हैं।”फिल्म निर्माण में शिक्षक दल के साथ-साथ मनोरंजन प्रधान, सानन (कुमार सानू), हृषिकेश भोई, सोनू साहू एवं ग्रामवासियों का भी विशेष सहयोग रहा।
👉 यह पहल न केवल विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जगाने का कार्य कर रही है, बल्कि हर घर तिरंगा अभियान को नई ऊर्जा और दिशा भी प्रदान कर रही है।