विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आज आयोजित ग्राम सभाओं में पंचायतों से जुड़े विकास कार्यों के साथ-साथ ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ से संबंधित प्रस्ताव भी पारित किया गया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तर पर आदि सेवा केंद्रों की स्थापना की जाएगी। इन केंद्रों के माध्यम से अनुसूचित जनजातीय समुदायों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास और आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं का लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजातीय परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ना और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाना है।
इसके अंतर्गत –युवाओं एवं महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना,शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुदृढ़ करना,आजीविका संवर्धन हेतु समूह आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देना,और योजनाओं की जानकारी प्रत्येक गांव तक पहुंचाना शामिल है।
जिले के 308 ग्रामों में यह अभियान संचालित किया जाएगा। ग्राम सभाओं में उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसमें सक्रिय सहयोग देने की सहमति जताई।