विकास नंद/सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाली कैशलेश इलाज सुविधा पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने घोषणा की है कि आगामी 1 सितम्बर से प्रदेश के प्राइवेट अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से कैशलेश इलाज की सुविधा बंद कर दी जाएगी।
आईएमए ने साफ कहा है कि यह फैसला मजबूरी में लिया गया है क्योंकि अस्पतालों को लंबे समय से आयुष्मान योजना के अंतर्गत किए गए इलाज का भुगतान नहीं मिल रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले लगभग छह महीने से प्राइवेट अस्पतालों को इलाज का खर्च अटका हुआ है, जिससे आर्थिक दबाव बढ़ गया है और अस्पताल अब आगे सेवा जारी रखने में असमर्थ हो गए हैं।
इस निर्णय का सीधा असर प्रदेश के लाखों गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ेगा, जो अब तक आयुष्मान कार्ड के जरिए कैशलेश इलाज की सुविधा का लाभ उठाते रहे हैं। ऐसे में आम जनता इलाज के लिए भारी आर्थिक बोझ झेलने को मजबूर होगी।
फिलहाल उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य सरकार और आईएमए के बीच जल्द चर्चा होगी और इस समस्या का समाधान निकाला जाएगा, ताकि जरूरतमंदों को इलाज की सुविधा मिलती रहे।