विकास नंद/ सर्वव्यापी/
भाद्रपद मास की चतुर्थी तिथि पर आज पूरे प्रदेश सहित देशभर में गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। गली-गली और घर-घर में गणपति बप्पा की प्रतिमाएं विराजेंगी। भक्तजन पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ श्रीगणेश जी का स्वागत करेंगे।सुबह से ही शहर के बाजारों में सजावट, फूल, मिठाई और पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर रौनक बनी रही। पंडालों को रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक झांकियों से सजाया गया है। कई जगह थीम आधारित पंडाल बनाए गए हैं, जहां समाजिक संदेश भी दिए जा रहे हैं।
पंडितों के अनुसार, आज गणेश जी की प्रतिमा स्थापना के लिए दोपहर का मुहूर्त सर्वश्रेष्ठ माना गया है।
परिवारजन घर में विधि-विधान से पूजा कर ‘विघ्नहर्ता’ को विराजमान करेंगं।
इस बार गणेशोत्सव को लेकर प्रशासन ने भी विशेष तैयारियां की हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है, गणेश चतुर्थी के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या और सामाजिक सेवा कार्य भी आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालु उत्साहपूर्वक ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया’ का जयघोष करते हुए वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।
गणेशोत्सव का महत्व मान्यता है कि गणेश जी की पूजा से सभी बाधाएं दूर होती हैं और घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। दस दिनों तक चलने वाले इस पर्व का समापन अनंत चतुर्दशी पर भव्य विसर्जन के साथ होगा।