विकास नंद/ सर्वव्यापी/

छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा सोमवार 22 सितम्बर को महासमुंद जिले के दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा जिले में संचालित विभिन्न खाद्य सुरक्षा योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से होगा।
कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 9 बजे रायपुर से प्रस्थान कर महासमुंद पहुंचेंगे। यहां पहुंचने के उपरांत वे सबसे पहले आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करेंगे, जहां पोषण आहार वितरण की स्थिति तथा बच्चों व माताओं को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद वे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों में खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं की पारदर्शिता और प्रभावशीलता की जानकारी प्राप्त करेंगे।
अध्यक्ष संदीप शर्मा विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना और छात्रावासों की व्यवस्था का भी अवलोकन करेंगे। निरीक्षण के दौरान उनका मुख्य फोकस गुणवत्ता, समय पर उपलब्धता और योजनाओं की वास्तविक पहुंच पर रहेगा।
दौरे के पश्चात दोपहर 2:30 बजे वे कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिले के अधिकारियों की बैठक लेंगे। इस बैठक में वे खाद्य सुरक्षा, पोषण आहार वितरण, पीडीएस व्यवस्था और अन्य विभागीय गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करेंगे तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद संदीप शर्मा शाम 4:30 बजे महासमुंद से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस दौरे से जिले में संचालित योजनाओं की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन तक उनकी बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने की उम्मीद की जा रही है।


