विकास नंद/ सर्वव्यापी/ सरायपाली/
कैट सरायपाली में स्वावलंबी भारत अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कैट संरक्षक मदन लाल अग्रवाल एवं इकाई अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने की। इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत पूर्णकालिक शंकर त्रिपाठी तथा स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत सह-समन्वयक संजय चौबे ने अपने विचार रखे।बैठक में स्वालंबन, स्वदेशी और क्लस्टर योजना की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। त्रिपाठी ने कहा कि विदेशी वस्तुओं से परहेज कर भारतीय उत्पादों को अपनाना ही सच्चे आत्मनिर्भर भारत की दिशा है।प्रांत सह-समन्वयक संजय चौबे ने सरायपाली को भौगोलिक और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यहां निजी औद्योगिक इंडस्ट्रियल स्टेट स्थापित कर युवाओं और महिलाओं के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम विकसित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि 5000, 10,000 एवं 20,000 वर्गफुट तक के प्लाट उपलब्ध कराने की योजना बन सकती है, जिससे स्थानीय स्तर पर उद्योग स्थापित होंगे। इसके तहत 5 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का लाभ मिल सकता है। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा MSME क्लस्टर योजना से 30 करोड़ रुपये तक का अनुदान भी प्राप्त किया जा सकता है।उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि सरायपाली से रायगढ़, रायपुर, बिलासपुर, संबलपुर, झारसुगुड़ा और अंगुल जैसे औद्योगिक नगर नजदीक हैं तथा आसपास के 300 से अधिक गांवों से स्किल्ड वर्कर उपलब्ध हो सकते हैं। इससे रोजगार सृजन होगा और युवाओं का पलायन भी रुकेगा।बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष गुञ्जन अग्रवाल, अभाष अग्रवाल, उमंग अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, मनोज अग्रवाल और महेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। अंत में शंकर त्रिपाठी ने आगामी माह में एक बड़ी बैठक आयोजित कर विस्तृत कार्ययोजना बनाने का प्रस्ताव रखा।


