विकास नंद/ सर्वव्यापी/

जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा रजत जयंती समारोह एवं सेवा पखवाड़ा अंतर्गत आज नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सेवा मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ की शुरुआत आयुष कार्यालय परिसर संजय कानन से हुई, जो कलेक्ट्रेट परिसर तक संपन्न हुई। इसमें युवा, बच्चे, दिव्यांग, बुजुर्ग, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान जोश और उमंग का माहौल देखने को मिला।सुबह 8 बजे कलेक्टर विनय लंगेह ने कार्यक्रम का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में बढ़ते नशे के प्रकोप को रोकने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। स्वस्थ्य रहकर ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है, और मैराथन इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम है।
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि युवा ही राज्य के विकास की असली ताकत हैं। नशा मुक्त होने का संकल्प लेकर ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि युवा रास्ता बदल सकता है, पर मंजिल नहीं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और नारी शक्ति का सम्मान करने पर बल दिया।इस अवसर पर स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि स्वस्थ रहना ही राष्ट्र निर्माण की मूलभूत शर्त है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी, महेंद्र सिक्का, राजू चंद्राकर, आनंद साहू, राहुल चंद्राकर, समाजसेवी डॉ. एकता लंगेह, अपर कलेक्टर रवि साहू, समाज कल्याण विभाग की उप संचालक संगीता सिंह, आयुष विभाग की डॉ. ज्योति गजभिए एवं डॉ. सर्वेश दुबे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।समापन में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति का शपथ लिया। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस सेवा मैराथन ने स्वास्थ्य, एकता और नशामुक्त समाज का सशक्त संदेश दिया।
पुरस्कार विजेता
ओपन वर्ग (पुरुष): बलराम बरिहा (प्रथम), सत्येन्द्र कुमार तेन्दुलकर (द्वितीय)ओपन वर्ग (महिला): हसिना (प्रथम), ज्योति (द्वितीय)60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग: बंदन बाई चौहान (प्रथम)मोटराइज्ड ट्रायसाकल मैराथन: लाकेश कुमार (प्रथम), मानिक लाल चतुर्वेदी (द्वितीय)ट्रायसाकल मैराथन: संजय परमार (प्रथम), तेजस्वी (द्वितीय)प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को 2100 रुपए एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को 1100 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।


