विकास नंद/ सर्वव्यापी/
राज्य शासन और जिला कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बावजूद स्थानीय प्रशासन की उदासीनता और लापरवाही के कारण नगर की सड़कों पर आवारा मवेशियों का कब्जा बना हुआ है। इससे आम राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
सरायपाली से सारंगढ़ जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित झिलमिला चौक, जो नगर का सबसे व्यस्ततम क्षेत्र है और जहां प्रतिदिन भारी संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं, वहां मवेशियों की उपस्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। राहगीरों को सड़क पार करने और वाहनों को संचालित करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने इस लापरवाही पर नाराज़गी जताते हुए कहा है कि प्रशासन की निष्क्रियता के कारण न केवल आमजन की जान-माल पर खतरा मंडरा रहा है, बल्कि सरकार की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
यदि समय रहते प्रशासन ने इस पर संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो अप्रिय घटनाओं की संभावना और अधिक बढ़ जाएगी इससे न केवल राहगीरों की सुरक्षा प्रभावित होगी बल्कि गौवंश की जान को भी खतरा होगा।स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़कों से मवेशियों को तत्काल हटाकर उनके लिए सुरक्षित व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन और गौवंश दोनों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।


