विकास नंद/ सर्वव्यापी/
मलेशिया में 13 से 19 सितंबर 2025 तक आयोजित अंडर-16 वूमेंस एशिया कप 2025 में भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। भारतीय टीम ने लगातार पांच मैच जीतते हुए शानदार प्रदर्शन किया।भारतीय टीम ने पहले मैच में ईरान को 70-67 से हराया। इसके बाद उज्बेकिस्तान को 81-69 और समोआ को 71-54 अंकों से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में इंडिया ने इंडोनेशिया को 65-53 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में इंडिया और ईरान के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। पहले क्वार्टर में इंडिया ने 17 और ईरान ने 13 अंक बनाए। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमें 32-32 अंकों के साथ बराबरी पर रहीं। तीसरे क्वार्टर में इंडिया ने बढ़त बनाई (52-42) और अंतिम क्वार्टर में कड़े संघर्ष के बाद भारतीय टीम ने 67-66 से जीत दर्ज की।भारतीय टीम में महासमुंद जिले की दिव्या रंगारी, कर्नाटका की श्रवानी शिवन्ना, महक शर्मा एवं अदिति, तेलंगाना की विहा रेड्डी एवं नेथरा, केरला की एदिना मरियम जॉनसन, तमिलनाडु की एंजलीना अरुण जॉर्ज एवं सुमिथरा देवी कालीमुथु, महाराष्ट्र की रेवा कुलकर्णी एवं वैष्णवी प्रशांत परदेशी और गुजरात की दिनल वित्थानी शामिल रहीं।महासमुंद जिले में दिव्या रंगारी के एशिया कप में विजेता बनने पर खुशी की लहर दौड़ गई। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने दिव्या का शॉल भेंट कर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष राजीव जैन, चेयरमैन विजय अग्रवाल, सांसद रूपकुमारी चैधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिंहा, नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू, जिला प्रशासन और खेल संघों के प्रतिनिधियों ने दिव्या और भारतीय टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 में लगातार जीत हासिल कर न केवल स्वर्ण पदक जीता बल्कि अंडर-16 महिला बास्केटबॉल में भारत की नई उपलब्धि दर्ज कराई।


