विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आदिवासी बाहुल्य ग्रामों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रारंभ किए गए विशेष आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जिले में चयनित धरती आबा योजना के 308 ग्रामों में व्यापक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने समय सीमा की बैठक में सभी विभाग प्रमुखों एवं जनपद सीईओ को निर्देश दिए हैं कि अभियान की महत्ता को ध्यान में रखते हुए सभी गतिविधियों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य व्यक्ति, परिवार और समुदाय केंद्रित विकास के साथ-साथ आदिवासी संस्कृति एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण करना है। इसके लिए विलेज एक्शन प्लान को वर्ष 2030 के ग्राम विकास दृष्टि को आधार बनाकर तैयार करने पर बल दिया गया।आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम स्तर पर आदि साथी, आदि सहयोगी और आदि कर्मयोगियों की टीम सक्रिय रूप से कार्ययोजना बना रही है। जिले के 6 मास्टर ट्रेनरों को राज्य स्तर पर प्रशिक्षित कर प्रत्येक विकासखंड में 10-10 मास्टर ट्रेनरों को तैयार किया गया है। ये मास्टर ट्रेनर ग्राम स्तर पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम कराते हैं, जिसमें ग्राम के युवा, जनजातीय मुखिया, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल होते हैं। लगभग 20 सदस्यीय ग्राम टीम अब स्वयं अपने गांव के विकास हेतु विलेज एक्शन प्लान तैयार कर रही है। ये योजनाएँ आगामी 2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभाओं में अनुमोदित की जाएंगी, जिसके पश्चात इन्हें केंद्र सरकार के पोर्टल पर अपलोड कर क्रियान्वयन की दिशा में बढ़ाया जाएगा।अभियान के अंतर्गत सेवा पर्व का आयोजन 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक किया जा रहा है। 17 सितम्बर को सभी 308 ग्रामों में आदि सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया, जो समस्याओं के समाधान हेतु एकल खिड़की प्रणाली के रूप में प्रति सप्ताह 2 घंटे संचालित होगा। 18 सितम्बर को स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें सिकल सेल, एनीमिया जांच, टीकाकरण एवं आयुष्मान कार्ड बनवाए गए।19 सितम्बर को वन, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत विभाग द्वारा पेड़ मां के नाम के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण किया गया। साथ ही खाद्य, सहकारिता, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभागों द्वारा राशन कार्ड, उज्ज्वला कार्ड, पेंशन, मनरेगा कार्य, महिला स्वसहायता समूह उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री तथा ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।सेवा पर्व का समापन 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान, जल स्रोतों की सफाई, जनभागीदारी से सोख्ता निर्माण और आदि शपथ कार्यक्रम के साथ किया जाएगा।


