विकास नंद/सर्वव्यापी/
रायपुर संभाग के कमिश्नर महादेव कांवरे ने आज महासमुंद जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलसोंडा एवं सेजेस तुमाडबरी नयापारा का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर महासमुंद विनय कुमार लंगेह, सीईओ जिला पंचायत हेमंत नंदनवार, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, डीएमसी रेखराज शर्मा, बीईओ लीलाधर सिन्हा, बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान कमिश्नर कांवरे ने प्रत्येक कक्षा में जाकर त्रैमासिक परीक्षा का अवलोकन किया एवं विद्यार्थियों से नक्शा और भूगोल से संबंधित प्रश्न पूछे। अटल टिंकरिंग लैब में छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना की और विज्ञान विषय पर विशेष चर्चा की। बच्चों ने छत्तीसगढ़ी व्यंजन जैसे खोयला, आचार तिवरा भाजी, आम खुला, कोचई, कटहल, आंवला और नींबू के आचार की जानकारी प्रस्तुत की। वहीं छात्र-छात्राओं ने अपने भविष्य के लक्ष्य साझा किए, जिनमें एसपी, कलेक्टर और डॉक्टर बनने की आकांक्षा शामिल रही। इस अवसर पर एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के अंतर्गत पारिजात का पौधा रोपण किया गया।सेजेस तुमाडबरी नयापारा निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने कक्षा पहली के बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनसे अंग्रेजी में अपना नाम एवं माता-पिता का नाम लिखने को कहा। कक्षा दूसरी के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए अंग्रेजी में ली गई शपथ की उन्होंने सराहना की। लाइब्रेरी में द्विभाषी पुस्तक पढ़ते बच्चों से चर्चा की और कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से बायोलॉजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछे जिनका उन्होंने सही उत्तर दिया।प्रार्थना सभा में रघुपति राघव राजा राम, राष्ट्रगान, राज्य गीत, मुख्य समाचार और सुविचार जैसी गतिविधियों से वे प्रभावित हुए। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वयं दीपक बनो, अपने अंधेरों को स्वयं दूर करो। परिश्रम ही सफलता का मूल मंत्र है, अपने सपनों को अवश्य पूरा करो।कलेक्टर विनय लंगेह ने बच्चों को बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए उत्तर लेखन की तकनीक समझाई और कहा कि प्रश्न की स्पष्टता एवं उत्तर को भागों में विभाजित कर लिखना सर्वोत्तम तरीका है।इस अवसर पर प्राचार्य बेलसोंडा शोभा सिंहदेव, प्राचार्य सेजेस अमी रूफस, व्याख्याता जगदीश सिन्हा, प्रमोद कन्नौजे, विकास यादव एवं संपूर्ण विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।


