विकास नंद/सर्वव्यापी/

स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा पखवाड़ा 2025 अंतर्गत आज वार्ड क्रमांक 17 स्थित बंधवा तालाब एवं आसपास मेढ़ों में वृहद सफाई अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान जिले में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा।इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने फावड़ा उठाकर तालाब की मेढ़ पर फैले कचरे की सफाई एवं खरपतवार हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
सफाई अभियान में छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, स्काउट एवं गाइड जिलाध्यक्ष येतराम साहू, पूर्व पार्षद राजू चंद्राकर, मीना वर्मा, प्रकाश शर्मा, आनंद साहू, हनीश बग्गा, शरद मराठा, सीएमओ अशोक सलामे, दिलीप चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।विधायक सिन्हा ने आमजनों से आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर शामिल हों और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाएं।
यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि एक स्वस्थ और विकसित समाज की ओर बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करता है।
इस दौरान सफाई कर्मियों, स्वच्छता दीदियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सामूहिक श्रमदान कर तालाब एवं मेढ़ की साफ-सफाई की।
अभियान का उद्देश्य समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। जिले में यह अभियान 2 अक्टूबर तक लगातार जारी रहेगा।


